बीकानेर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 4 सितंबर 2026 को सुंदर विहार, पूगल रोड स्थित श्री करणी माता जी मंदिर में भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई गईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर में सजाई गई झांकियों में शिवलिंग, कैलाश पर्वत, झरना और गोकुल धाम सहित विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। रंग-बिरंगी सजावट और झांकियों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। मंदिर के पुजारी अभिषेक गौड़ ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव में सैकड़ों भक्तजनों ने पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण एवं माता करणी के दर्शन किए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने रंगारंग धार्मिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया। महोत्सव के दौरान माखन हांडी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया गया। हांडी फोड़ने के बाद मंदिर परिसर में पुष्प वर्षा की गई, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह और उमंग का माहौल बन गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।










