बीकानेर। मोखमपुरा लिंक रोड पर ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए 19 वर्षीय युवक की बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद घायल युवक को महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बीकानेर रेफर किया गया था। युवक की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया। मृतक का शव पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार, मोखमपुरा निवासी बालाराम का 19 वर्षीय पुत्र भीमसेन गवारिया अपने बहनोई शिवलाल पुत्र हड़मानाराम निवासी लूणकरणसर के साथ बाइक पर सवार होकर पल्लू माताजी के धोक लगाने जा रहा था। इसी दौरान मोखमपुरा गांव से निकलते ही राजमार्ग के पास एक ठेकेदार के ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिवलाल उछलकर दूर जा गिरा, जबकि भीमसेन गंभीर रूप से घायल हो गया।
महाजन से बीकानेर किया रेफर, उपचार के दौरान मौत
हादसे के बाद राहगीर घायल भीमसेन को महाजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, लेकिन शनिवार देर रात उपचार के दौरान भीमसेन ने दम तोड़ दिया। मृतक के रिश्तेदार मनीराम पुत्र सहीराम गवारिया निवासी रावतसर, हाल मोखमपुरा ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। महाजन पुलिस के बीकानेर पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाने सहित आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







