बीकानेर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक नारायण सिंह का कैंप कार्यालय सर्किट हाउस के कमरा नंबर 101 में स्थापित किया गया है। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना से जुड़ी किसी भी शिकायत या समस्या को लेकर आमजन सीधे पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकेंगे। पर्यवेक्षक समन्वय प्रकोष्ठ प्रभारी के अनुसार, आचार संहिता के उल्लंघन अथवा चुनाव संबंधी शिकायत के लिए 0151-2940095 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा पर्यवेक्षक के लाइजन अधिकारी डॉ. रामकिशोर मेहरा के मोबाइल नंबर 90015-61078 पर भी सीधे शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। वहीं, प्रथम चरण में नगर निगम बीकानेर के चुनाव को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के विभिन्न नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी तंत्र को सक्रिय रखा गया है। आमजन से अपील है कि चुनाव से संबंधित किसी भी अनियमितता या आचार संहिता उल्लंघन की जानकारी होने पर निर्धारित माध्यमों से शिकायत दर्ज कराएं।








