जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) ने 9 विदेशी महिलाओं को भारत से डिपोर्ट कर दिया है। सभी महिलाएं टूरिस्ट या शॉर्ट-टर्म वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से जयपुर में रह रही थीं और विभिन्न स्पा एवं वेलनेस सेंटरों में कार्य कर रही थीं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, डिपोर्ट की गई महिलाओं में 5 थाईलैंड की नागरिक हैं, जो शहर के प्रमुख स्पा सेंटरों में थेरेपिस्ट के रूप में कार्यरत थीं। गोपनीय सूचना और स्थानीय पुलिस के इनपुट के आधार पर एफआरआरओ की विशेष टीमों ने कई स्पा सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पासपोर्ट और वीजा दस्तावेजों की पड़ताल में इन महिलाओं का वीजा एक्सपायर पाया गया।
कार्रवाई के बाद विदेशीय पंजीकरण अधिकारी (FRO) धर्मेंद्र सागर ने शहर के मकान मालिकों, होटल, गेस्ट हाउस और होम-स्टे संचालकों से अपील की है कि वे किसी भी विदेशी नागरिक को ठहराने या किराए पर मकान देने से पहले उनके मूल पासपोर्ट और वीजा की वैधता की अनिवार्य रूप से जांच करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भारत के आव्रजन कानूनों का उल्लंघन करने वाले किसी भी विदेशी नागरिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।








