बीकानेर। अरजनसर-पल्लू मेगा हाईवे पर जैतपुर टोल प्लाजा के नजदीक शनिवार को एक होटल परिसर में खड़े बायो डीजल टैंकर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा टैंकर लपटों से घिर गया। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीणों और हाईवे से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई।
डीजल निकालने के दौरान आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टोल प्लाजा के पास स्थित एक होटल की चारदीवारी में खड़े टैंकर से कुछ लोग कथित तौर पर डीजल निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस मौके पर पहुंची, दमकल को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही महाजन थाने के एएसआई जगदीश प्रसाद मीणा पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना देकर आग पर काबू पाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू करवाई।
एहतियातन होटल और शराब की दुकान खाली करवाई
टैंकर में लगी आग की गंभीरता को देखते हुए होटल मालिक ने सुरक्षा के मद्देनजर परिसर खाली करवाना शुरू कर दिया और होटल का सामान बाहर निकलवाया। वहीं, नजदीक स्थित शराब की दुकान से भी ठेकेदार ने शराब एवं अन्य सामान बाहर निकलवा लिया। दोनों स्थानों पर एहतियाती कदम उठाए गए, ताकि आग फैलने की स्थिति में बड़े नुकसान से बचा जा सके।
आधे घंटे बाद भी उठती रहीं आग की लपटें
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, आग लगने के करीब आधे घंटे बाद भी टैंकर से आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा रही। फिलहाल आग से हुए नुकसान, किसी के हताहत होने और घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
टोल के पास बायो डीजल टैंकर में लगी भीषण आग, ऊंची लपटें देख मची अफरा-तफरी







