बीकानेर। पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत नापासर पुलिस ने राजेरा गांव में एक दुकान पर कार्रवाई कर भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 864 पव्वे देशी शराब और 24 बोतल बीयर जब्त करते हुए दुकान संचालक कैलाश जाट (24), निवासी राजेरा, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि राजेरा गांव में एक दुकान पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान देशी शराब और बीयर की बोतलें मिलीं। दुकान संचालक शराब बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छवा के निर्देशानुसार तथा नापासर थानाधिकारी कविता पुनिया के सुपरविजन में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई धर्मेंद्र मीणा, कांस्टेबल गोगराज और कांस्टेबल हीरालाल शामिल रहे। पुलिस ने राजस्थान आबकारी अधिनियम की धारा 19/54 व 20/54 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चुनाव को देखते हुए बढ़ाई निगरानी
पंचायती राज चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नापासर पुलिस लगातार सक्रिय है। इससे पहले भी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए शांति भंग की आशंका में 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस अब संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। नापासर थानाधिकारी कविता पुनिया ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न करवाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।







