बीकानेर। नोखा क्षेत्र के कक्कू गांव में देर रात बागड़ी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश सारण के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कैम्पर गाड़ी में सवार होकर आए कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। घटना में दिनेश सारण गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद घायल दिनेश सारण को उपचार के लिए नोखा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पांचू सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ देर रात मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती जानकारी में आपसी रंजिश या पुरानी कहासुनी को विवाद की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू करते हुए कैम्पर गाड़ी में सवार युवकों की तलाश तेज कर दी है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।







