बीकानेर। बीकानेर जिले के कल्याणसर गांव के एक 19 वर्षीय युवक को 60 लाख रुपये के कथित जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए शिवरतन माहिया को पकड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक जयपुर से नकली नोटों से भरा बैग लेकर हैदराबाद के रास्ते मुंबई पहुंचाने की कोशिश में था।
जयपुर में मिला था नकली नोटों से भरा बैग
जांच के मुताबिक, 28 अक्टूबर को जयपुर रेलवे स्टेशन पर ओमप्रकाश नामक व्यक्ति ने शिवरतन को कथित तौर पर नकली नोटों से भरा बैग सौंपा था। उसे पहले हैदराबाद और फिर मुंबई जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद युवक ट्रेन से काचेगुड़ा पहुंचा, जहां उसने एक धर्मशाला में रात बिताई।
ट्रेन रद्द होने से बदला सफर का रास्ता
बताया जा रहा है कि अगले दिन बाढ़ के कारण कोणार्क एक्सप्रेस रद्द हो गई। इसके बाद ओमप्रकाश ने युवक को सिकंदराबाद से मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए कहा। युवक जैसे ही ट्रेन में सवार हुआ, करीब दस मिनट बाद ही संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया।
अब नेटवर्क की जांच में जुटी टीम
इस कार्रवाई के बाद मामले में नकली नोटों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। युवक को नोटों की खेप किसने उपलब्ध कराई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।









