बीकानेर। जिले के गजनेर थाना क्षेत्र के कोडमदेसर गांव में देर रात दो गुटों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान मारपीट की सूचना के साथ तीन गाड़ियों के आपस में टकराने की घटना भी सामने आई। सूचना मिलने पर गजनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल पर कोई व्यक्ति नहीं मिला। जानकारी के अनुसार, कोडमदेसर गांव में देर रात किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई। इसी घटनाक्रम के बीच तीन गाड़ियों के टकराने की भी जानकारी मिली। घटना की सूचना पर गजनेर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल पर तीन गाड़ियां मिलीं, जबकि वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। पुलिस ने तीनों गाड़ियों को जब्त कर थाने पहुंचा दिया।









