बज्जू। रणजीतपुरा थाना क्षेत्र के बरसलपुर गांव में ट्रैक्टर से गिरकर घायल हुए 30 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा 8 नवंबर को हुआ था। पुलिस ने मृतक के भाई की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बरसलपुर निवासी भंवरलाल मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई अप्पूराम 8 नवंबर की शाम करीब 5 बजे ट्रैक्टर पर सवार होकर चक 05 बीडीवाई स्थित खेत जा रहा था। करणी मंदिर के पास चालक ने ट्रैक्टर तेज गति और लापरवाही से चलाया, जिससे अप्पूराम नीचे गिरकर गंभीर घायल हो गया। परिजन उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








