बीकानेर। शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन अपने साथ ले गए। बदमाश युवक को मेडिकल चौराहे के पास बेहोशी की हालत में छोड़कर उसकी बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना सोमवार रात की है। जयपुर रोड स्थित मातेश्वरी कॉलोनी निवासी दिनेश शर्मा के यहां काम करने वाला हरीश वर्मा रात करीब 9:15 बजे खाना लेने व्यास कॉलोनी गया था। करीब 9:45 बजे वापस लौटते समय नवग्रह मंदिर के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। मारपीट के बाद बदमाश उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गए और मेडिकल चौराहे के पास छोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल लेकर भाग निकले। देर रात करीब 12:45 बजे किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से परिजनों को फोन आया, तब घटना का पता चला। इसके बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी है।









