बीकानेर। नाल थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना 12 नवंबर की सुबह बच्छासर से स्वरूपदेसर जाने वाले मार्ग पर गोरधाना के नजदीक हुई। मामले में मृतक के बेटे ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार, बच्छासर निवासी पप्पूराम पुत्र मगनीराम सुबह करीब 7 बजे रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पप्पूराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से निकल गया। नाल पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।








