बीकानेर। धर्मनगरी बीकानेर में दिसंबर माह में भक्ति और आध्यात्मिकता का अनूठा आयोजन होने जा रहा है। सेवन स्टार फाउंडेशन एवं सनातन मित्रमंडल के संयुक्त तत्वावधान में ओझा सत्संग भवन-2 में 22 से 31 दिसंबर तक 11 दिवसीय पंच पावन कथा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन के दौरान पांच अलग-अलग धार्मिक कथाओं का वाचन होगा। वहीं वृंदावन से आने वाली ब्रज मंडली द्वारा आकर्षक रासलीला की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। आयोजन को लेकर पोस्टर का विमोचन किया गया।बाहेती भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में फाउंडेशन के सीएम महेन्द्र चूरा ने बताया कि महोत्सव के तहत प्रतिदिन दोपहर 12:15 से शाम 5:15 बजे तक कथाओं का आयोजन होगा। इसमें 22 व 23 दिसंबर को पं. श्रीगोपाल नारायण व्यास देवी भागवत कथा सुनाएंगे। 24 व 25 दिसंबर को पं. आशाराम व्यास शिव महापुराण कथा का वाचन करेंगे। इसी क्रम में 26 व 27 दिसंबर को पं. संजय व्यास श्रीराम कथा, 28 व 29 दिसंबर को पं. लक्ष्मीकांत व्यास (कलकत्ता वाले) बाबा रामदेव चरित कथा तथा 30 व 31 दिसंबर को पं. मुरली मनोहर व्यास श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। महोत्सव में 23 से 30 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक वृंदावन की ब्रज मंडली द्वारा दिव्य रासलीला का मंचन किया जाएगा।
कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
आयोजन की शुरुआत कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपाल मंदिर से रवाना होकर मूंदड़ा चौक, हर्षों का चौक, रत्ताणी व्यासों का चौक, सदाफते, बारह गुवाड़ और नत्थूसर गेट होते हुए ओझा सत्संग भवन पहुंचेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की ओर से स्वागत किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे बीकानेर मानस परिवार द्वारा संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। पूर्णाहुति पर पूनरासर हनुमान मंदिर परिवार की ओर से महाआरती की जाएगी।
संत-महात्माओं का रहेगा सानिध्य
कथा महोत्सव में काशी करपात्री धाम के अधिष्ठाता सर्वेश्वरानंद महाराज, सागर आश्रम के श्रीधरानंद सरस्वती महाराज, नवलेश्वर मठ के शिव सत्यनाथ महाराज, राष्ट्रीय संत सरजूदास महाराज, शिवबाड़ी मंदिर के विमर्शानंद महाराज, गायत्री पीठ सागर के रामेश्वरानंद महाराज, मुरली मनोहर धोरा के श्यामसुंदर महाराज तथा बाल संत छैल बिहारी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा शामिल होंगे। 31 दिसंबर को कथा महोत्सव की पूर्णाहुति के बाद महाप्रसादी का आयोजन रखा गया है। इन दौरान पंडित राजेंद्र किराडू, कन्हैयालाल जोशी, जगत नारायण कल्ला, भंवर पुरोहित, दाऊलाल व्यास, बृजराज जोशी, गोविन्दनारायण चूरा, श्यामसुंदर व्यास, कमल डागा, कुनाल डागा, निर्मल कुमार दम्माणी, देवकिशन चांडक, गोवर्धन बिन्नाणी सहित आयोजन से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे।








