बीकानेर। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बीकानेर पुलिस का प्रिवेंटिव एक्शन लगातार जारी है। आईजी श्री ओमप्रकाश के निर्देश पर पुलिस ने हथियारबंद ए श्रेणी की नाकाबंदी कर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया।
इस दौरान काले शीशे लगे वाहनों, बिना नंबर प्लेट चल रहे वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 250 से अधिक चालान काटे गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसते हुए 26 वाहन जब्त किए गए और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा कई लोगों को पाबंद भी किया गया।
इसी क्रम में जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देश पर पुराने मामलों में चालानशुदा आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में कुल 79 हिस्ट्रीशीटरों से पूछताछ की गई, जिनमें से 40 के खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई की गई। वहीं गत रात्रि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। ऐसे 26 लोगों के विरुद्ध राजस्थान पुलिस अधिनियम की धारा 60 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।








