बीकानेर। बीआरओ चेतक में शुक्रवार को हवाई हमले की स्थिति दर्शाते हुए नागरिक सुरक्षा की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। रेड अलर्ट सायरन बजते ही पुलिस, प्रशासन, सिविल डिफेंस और अग्निशमन दल अलर्ट हो गए तथा राहत-बचाव कार्यों का अभ्यास किया। गृह विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में घायलों का रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और विभिन्न विभागों के समन्वय की व्यवस्था परखी गई।
जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और विभागीय समन्वय को मजबूत करना था। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने भी आपात स्थिति में प्रभावी बचाव एवं राहत कार्रवाई की तैयारियों को महत्वपूर्ण बताया। अभ्यास में नागरिक सुरक्षा दल, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक शामिल रहे।








