एक साल की मासूम के सपने रौंद गया ट्रक, ननिहाल जाने निकले युवक की मौत
श्रीडूंगरगढ़, 2 जून 2026। हाईवे पर सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार ट्रक-ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे एक साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है।
जानकारी के अनुसार बिग्गा निवासी 25 वर्षीय बाबूलाल पुत्र ध्याराम मेघवाल अपने ननिहाल गांव परसनेऊ जाने के लिए घर से निकला था। रात करीब 9 बजे वह बिग्गा स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक-ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बाबूलाल को संभाला, जबकि ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने पीछा किया तो ट्रक बिग्गाबास रामसरा स्टैंड के पास खड़ा मिला, लेकिन चालक मौके से भाग चुका था।
मृतक के बड़े भाई ओमप्रकाश मेघवाल ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई सुरेश कुमार को सौंपी गई है।
परिवार में मचा कोहराम
बाबूलाल एक साल की मासूम बेटी का पिता था। वह सात भाइयों और तीन बहनों में नौवें नंबर पर था। परिवार के अनुसार वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।





