
खत्म हुई छुट्टियां, 43 दिन बाद आज से खुलेंगे स्कूल, 11 जुलाई तक चलेगा प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण

बीकानेर | हमारा बीकानेर 43 दिनों के ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार, 29 जून से प्रदेशभर के सरकारी विद्यालय नए शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए फिर से खुल जाएंगे। पहले ही दिन से स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होने के साथ शिक्षा विभाग का मुख्य फोकस विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने और स्कूल छोड़ चुके (ड्रॉपआउट) बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर रहेगा।
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 4 जुलाई तक घर-घर सर्वे अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान शिक्षक ऐसे बच्चों की पहचान करेंगे जिन्होंने अब तक विद्यालय में प्रवेश नहीं लिया है या किसी कारणवश पढ़ाई बीच में छोड़ दी है। सर्वे के आधार पर इन बच्चों का दोबारा नामांकन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
इसके बाद 1 जुलाई से 11 जुलाई तक प्रवेशोत्सव का दूसरा चरण आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान नए विद्यार्थियों का प्रवेश किया जाएगा तथा अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
9वीं से 12वीं तक प्रवेश 11 जुलाई तक
शिक्षा विभाग के कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के प्रवेश 11 जुलाई तक लिए जाएंगे। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों की काउंसलिंग भी की जाएगी, ताकि वे विद्यालय के वातावरण में आसानी से जुड़ सकें और नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इस विशेष अभियान से सरकारी विद्यालयों में नामांकन में बढ़ोतरी होगी और अधिक से अधिक बच्चे शिक्षा से जुड़ सकेंगे।










