बीकानेर। शहर में ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने बैंक के संयुक्त खाते को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए पार कर दिए। यूको बैंक में संचालित खाते से करीब 16 लाख रुपए गायब होने के बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है। मामले में कॉलोनी थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक सुदर्शन नगर निवासी मोहित गहलोत पुत्र भगवान दास गहलोत ने शिकायत में बताया कि उनका और उनके पिता का यूको बैंक की गंगाशहर शाखा में संयुक्त बचत खाता है। इसी खाते में जमा करीब 16 लाख रुपए अज्ञात साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी कर निकाल लिए। बैंक खाते से 13 और 15 नवंबर 2026 को अलग-अलग लेन-देन के जरिए अधिकांश रकम निकाली गई। पीड़ित को 13 नवंबर की सुबह खाते से पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली तो वे तुरंत बैंक की गंगाशहर शाखा पहुंचे और अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया। इसके बाद 17 नवंबर को बैंक के माध्यम से राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई।
इस मामले में पहले जयपुर स्थित साइबर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज हुई थी। बाद में प्रकरण को जांच और कार्रवाई के लिए बीकानेर के कॉलोनी थाने भेज दिया गया। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक यशवीर को सौंपी है। पुलिस बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और डिजिटल साइबर ट्रेल की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी में शामिल लोगों तक पहुंचा जा सके।








