बीकानेर। राजस्थान-पंजाब बॉर्डर पर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक किलो हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
डीएसटी और हिन्दुमलकोट थाना पुलिस ने शनिवार रात करीब 11:30 बजे कोठा पुल के पास नाकाबंदी के दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से आधा-आधा किलो के दो पैकेट हेरोइन बरामद हुए। पुलिस ने पंजाब निवासी गुरजंट सिंह (23), सुखचेन उर्फ पम्मा (34) और शिला बाई (45) को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। डीएसटी प्रभारी रामविलास बिश्नोई के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पता लगा रही है कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और राजस्थान में इसकी सप्लाई किसे दी जानी थी। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।








