श्रीगंगानगर। शहर में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। मौसम विभाग रोड पर ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंटर दोनों युवकों को बाइक समेत करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया।
हादसे में मास्टर कॉलोनी निवासी दीपक (27) और मोनू (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार सुबह मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की। हादसे के बाद फरार हुए कैंटर चालक को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मामले की जांच में जुटी है।








