बीकानेर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष नाकाबंदी अभियान के दौरान बीकानेर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नाल थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे-11 पर एक स्विफ्ट कार को रुकवाकर तलाशी ली, जिसमें से 2 किलो 409 ग्राम अवैध अफीम और 1 लाख 38 हजार 560 रुपए नकद बरामद किए गए। पुलिस ने कार सवार संदीप नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर प्रदेशभर में रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक ए श्रेणी की विशेष नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान अवैध हथियारों, मादक पदार्थों और शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी अभियान के तहत आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत नाल थाना पुलिस ने NH-11 पर संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकवाया। तलाशी के दौरान अफीम और नकदी मिलने पर पुलिस ने आरोपी संदीप पुत्र हनुमानाराम निवासी 20 पीएसडी गौड़ू, थाना बज्जू को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई एएसपी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सीओ प्रहलादराय के सुपरविजन में थानाधिकारी विकास बिश्नोई के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








