बीकानेर। नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने तस्करों को संरक्षण और फरारी के दौरान मदद पहुंचाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कोटगेट थाना पुलिस ने की।
एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन और सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में पुलिस टीम ने मुक्ताप्रसाद थाने में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण की जांच के दौरान कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष कुदसू के एनडीपीएस के अलग-अलग मामलों में फरार रहने के दौरान उसे छिपने और फरारी काटने में सहयोग करने के साथ तस्करी गतिविधियों में मदद करने के आरोप में छोटूराम पुत्र कालूराम निवासी जसरासर और महेंद्र विश्नोई पुत्र हड़मानराम निवासी जसरासर को पकड़ा गया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई थानाधिकारी विक्रम तिवाड़ी के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में गौरव बोहरा, राधेश्याम, बबलूराम और विनीत शामिल रहे। कार्रवाई में डीएसटी का भी सहयोग रहा।








