बीकानेर। शहर में ब्याजखोरी और जबरन वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने एक अकाउंटेंट को 15 लाख रुपए उधार देकर करीब 89.20 लाख रुपए वसूल लिए। इसके बावजूद 19 लाख रुपए की और मांग की गई। विरोध करने पर पिस्तौल के दम पर उसका अपहरण कर मारपीट की गई। पीड़ित भरत कुलरिया की रिपोर्ट पर नयाशहर थाने में हिस्ट्रीशीटर प्रदीप गोदारा, हैदर लोहार सहित 7 नामजद और 14-15 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने जस्सूसर गेट स्थित उनके ऑफिस से 10 कंप्यूटर, लैपटॉप, टाटा हैरियर कार, बाइक, चेक और जरूरी दस्तावेज उठा लिए। साथ ही ऑफिस और उनकी बहन के क्लिनिक पर ताले लगा दिए। पीड़ित का आरोप है कि मुंबई जाने के बाद आरोपियों ने गंगाशहर स्थित घर पहुंचकर उसकी मां और बहन को भी धमकाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








