बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े पीबीएम अस्पताल से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है। जनाना अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है, वहीं अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को महिला की जनाना अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी हुई थी। डिलीवरी के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। चिकित्सकों ने उसे तत्काल ट्रॉमा आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा। उपचार के दौरान महिला को कार्डियक अरेस्ट भी आया, जिसके बाद डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान पहले नवजात शिशु की मौत हो गई। इसके बाद दो दिन तक चले उपचार के बावजूद प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि हाल ही में डिलीवरी के बाद हुई अन्य प्रसूताओं की मौत के मामलों के बाद यह एक और दुखद घटना है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह मामला पहले सामने आए मामलों से अलग बताया जा रहा है।








