नई दिल्ली/बीकानेर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन (आईवीएफ) बीकानेर के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष विनोद बाफना के नेतृत्व में भारत सरकार के केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी सामाजिक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संगठन के प्रयासों की प्रशंसा की। जिला अध्यक्ष विनोद बाफना ने संगठन की कार्यप्रणाली, सदस्यता अभियान तथा जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर आईवीएफ बीकानेर इकाई को बधाई दी और पूरी टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कर्तव्य भवन की कार्यप्रणाली और उसकी विशेषताओं से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के भावी कार्यक्रमों एवं समाजहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे। मुलाकात के अंत में सभी पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री के साथ सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया।
इस अवसर पर राज्य महिला इकाई अध्यक्ष चारू गुप्ता, संयुक्त महामंत्री जेठमल नाहटा, युवा विंग के यशु चाँडक, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य विजय बाफना, टोंक की पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि हाल ही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर प्रतिनिधिमंडल को अपने कार्यालय में आमंत्रित किया था, जिसके क्रम में यह शिष्टाचार भेंट संपन्न हुई।








