बीकानेर। शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आई आग की घटनाओं को देखते हुए निगम प्रशासन ने ऐसे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जहां आवश्यक फायर सुरक्षा व्यवस्था नहीं पाई गई। नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पालानीचामी के निर्देश पर अग्निशमन विभाग ने मंगलवार को अभियान चलाते हुए दो कोचिंग संस्थानों और चार लाइब्रेरी को सीज कर दिया। विभाग के अनुसार इन संस्थानों के पास अनिवार्य फायर एनओसी उपलब्ध नहीं थी।
अग्निशमन अधिकारी रेवंत सिंह शेखावत ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पटेल नगर स्थित एग्री पाठशाला और बॉस एकेडमी, पेसिफिक लाइब्रेरी, जयनारायण व्यास कॉलोनी की राधा रानी लाइब्रेरी, पवनपुरी साउथ की जेनिथ लाइब्रेरी तथा करणी नगर स्थित बुक्स बडी लाइब्रेरी को सीज किया गया।
उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फायर सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। जिन संस्थानों में आवश्यक अग्नि सुरक्षा मानकों की कमी मिलेगी, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।








