बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र में ट्रक चालक पर जानलेवा हमला कर ₹1.25 लाख लूटने का मामला सामने आया है। घायल चालक का पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के पर्चा बयान के आधार पर हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घायल ट्रक चालक मनोज पुत्र राजाराम विश्नोई, निवासी बंधाला (थाना पांचू), हाल बीकानेर, ने बताया कि वह हेतराम खींचड़ का ट्रक चलाता है। 19 जुलाई को वह पंजाब के जालंधर से माल लेकर उदयरासर बाईपास स्थित मुस्कान होटल पहुंचा था। ट्रक मालिक के बेटे ने उसे टायरों के भुगतान के लिए ₹1 लाख तथा गाड़ी के खर्च के लिए ₹25 हजार दिए थे।
पीड़ित ने बताया कि रात को वह ट्रक में सो रहा था। देर रात करीब 3 से 3:30 बजे एक कैंपर गाड़ी में सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हनुमान भाम्भू निवासी जेडी मगरा सहित अन्य दो युवकों ने लोहे की रॉड और लाठियों से ट्रक के शीशे तोड़ दिए और ट्रक की कैबिन में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। जान बचाने के लिए मनोज ट्रक से नीचे उतरा, लेकिन पैर में चोट लगने के कारण भाग नहीं सका। आरोपियों ने लाठियों और लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद आरोपी कथित रूप से ₹1.25 लाख लेकर फरार हो गए। गंगाशहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के संबंध में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।








