बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र में हिट एंड रन की एक दर्दनाक घटना में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अंबेडकर कॉलोनी निवासी जेठालाल पुत्र चुन्नीलाल नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका 33 वर्षीय भाई शिवराम 16 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान विजयवर्गीय ढाणी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल शिवराम को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक इलाज चलने के बाद 24 जुलाई की सुबह उसने दम तोड़ दिया। जेएनवीसी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन व चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।












