बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़। नापासर थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। गुसाईंसर से सेरूणा की ओर हाईवे पर बस और ट्रक-ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शीशा भी टूट गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 18 लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, बस बीकानेर की तरफ जा रही थी, जबकि सामने से ट्रक-ट्रेलर श्रीडूंगरगढ़ की ओर आ रहा था। बस में चालक और कंडक्टर समेत कुल 18 लोग सवार थे। भिड़ंत में कंडक्टर की तरफ का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हेड कांस्टेबल लिखमदास स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। पुलिस के मुताबिक बस में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। ट्रक चालक भी सुरक्षित बताया गया।
पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बीकानेर पहुंचाया। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक-ट्रेलर को सड़क से हटवाकर नापासर थाने ले जाया गया, जिससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके।
हाईवे पर आधी रात आमने-सामने भिड़े बस और ट्रेलर, मचा हड़कंप; 18 यात्री बाल-बाल बचे











