बीकानेर। सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक विज्ञापन के झांसे में आकर पांचू थाना क्षेत्र के कक्कू गांव निवासी एक युवक को 1 लाख 10 हजार 898 रुपये गंवाने पड़े। बच्चों के लिए खिलौने की गाड़ी खरीदने की कोशिश में साइबर ठगों ने उसे अपना शिकार बना लिया। पुलिस के अनुसार, कक्कू निवासी 29 वर्षीय नारायणराम ने 20 सितंबर को इंस्टाग्राम पर बच्चों की खिलौना गाड़ी का विज्ञापन देखा था। खरीदारी के लिए विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उसे भरोसे में लिया और अलग-अलग यूपीआई आईडी के जरिए कई बार में कुल 1,10,898 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। रकम भेजने के बाद जब युवक को धोखाधड़ी का पता चला तो उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद साइबर पुलिस थाना जयपुर से जीरो नंबर की एफआईआर पांचू थाने भेजी गई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर भी लिखित रिपोर्ट दी। पांचू थाना एसएचओ ईश्वरप्रसाद जांगिड़ ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ट्रांजेक्शन आईडी (यूटीआर नंबर) और मोबाइल नंबर के जरिए ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।








