बीकानेर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम महापौर अनिल कल्ला ने बल्लभ गार्डन स्थित डंपिंग यार्ड और टैक्सी-ट्रैक्टर पार्किंग स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मिली अव्यवस्थाओं और वाहनों की खराब स्थिति को देखकर महापौर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कचरा संग्रहण में लगे वाहनों की जानकारी ली गई। कंपनी के सुपरवाइजर ने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए कुल 177 टिपर उपलब्ध हैं, जिनमें से 115 का संचालन हो रहा है, जबकि 15 टिपर खराब होने के कारण बंद पड़े हैं। इसके अलावा 72 ट्रैक्टर भी उपलब्ध बताए गए।
वाहनों की स्थिति और सफाई व्यवस्था में सामने आई कमियों पर महापौर ने अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। खराब पड़े वाहनों को जल्द दुरुस्त करवाकर सभी संसाधनों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि वार्डों में कचरा संग्रहण प्रभावित न हो।
महापौर ने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका असर शहर की सड़कों और आमजन को भी दिखाई देना चाहिए। प्रत्येक वार्ड में समय पर कचरा उठाने और नियमित सफाई की व्यवस्था बनाए रखना संबंधित कंपनी और नगर निगम की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में व्यवस्थाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना प्राथमिकता है और इसके लिए डंपिंग यार्ड सहित सफाई व्यवस्था से जुड़े सभी स्थानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा।








