बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र से एक विवाहिता अपनी दो नाबालिग पुत्रियों के साथ लापता हो गई। मामले में पति ने थाने पहुंचकर पत्नी और बेटियों की तलाश करने की गुहार लगाई है। पुलिस के अनुसार कालूबास निवासी श्यामसिंह ने रिपोर्ट दी कि 23 जुलाई को वह वसुंधरा कॉलोनी में मजदूरी करने गया था। उस समय घर पर उसकी पत्नी और दोनों बेटियां मौजूद थीं। दोपहर करीब 1 बजे जब वह भोजन करने घर लौटा तो पत्नी और दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाहिता घर से जाते समय ₹20 हजार की नकदी और घर में रखे आभूषण भी अपने साथ ले गई।
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल छाजूराम को सौंपी है। पुलिस लापता विवाहिता और दोनों बच्चियों की तलाश में जुटी हुई है।








