बीकानेर। प्रदेशभर में चलाए जा रहे साइबर फ्रॉड रोकथाम अभियान के तहत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध करवाने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच कर रहे हैड कांस्टेबल झूमर राम ने बताया कि साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उदरासर निवासी एक युवक और बीरमसर निवासी एक युवक को दस्तयाब किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे आर्थिक लाभ के बदले अपने बैंक खाते साइबर ठगों को उपलब्ध करवाते थे। पुलिस के अनुसार इन बैंक खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन फ्रॉड से प्राप्त रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए बैंक खाते किराए पर देने वाले दो युवक गिरफ्तार






