बीकानेर। देशनोक ओरण परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर अचानक गाय आने से उसे बचाने के प्रयास में कार बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना पांचू थाना क्षेत्र में मुंझासर और जयसिंहदेसर गांव के बीच हुई। जानकारी के अनुसार मुंझासर निवासी आवड़दान, भगवानदान, भरतदान, विश्वजीतदान और हीरालाल नायक सोमवार रात कार में सवार होकर देशनोक में आयोजित ओरण परिक्रमा के लिए रवाना हुए थे।
रास्ते में अचानक गाय सामने आ जाने से चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन से नियंत्रण खो गया और कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।








