बीकानेर। बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आमजन के गुम और चोरी हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन 3 दिन से लेकर 4 साल तक की अवधि में गुम हुए थे। बीकानेर रेंज साइबर एवं सोशल मीडिया सेल ने रेंज के जिला पुलिस के समन्वय, तकनीकी सहायता और तत्परता से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। गुरुवार को आईजी ओमप्रकाश ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी और मुस्कान लौट आई। पुलिस ने बताया कि आमजन की सहायता और गुम हुए मोबाइल फोन वापस दिलाने के लिए लगातार तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित पुलिस थाने को सूचना दें, ताकि उसे ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।
बीकानेर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख के 200 गुम मोबाइल बरामद






