बीकानेर, 29 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को डॉ. करणी सिंह स्टेडियम से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन तथा पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं एवं साइकिलिंग प्रेमियों ने भाग लेकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन से आगामी नगरीय निकाय चुनाव में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की। जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से मतदान के प्रति जागरूक रहने और लोकतंत्र के इस पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला हैं। उन्होंने युवाओं से मतदान के अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का आह्वान किया। रैली के दौरान “युवा सोच, युवा जोश, युवा वोट—बदलेगा कल” सहित विभिन्न नारों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं और आमजन में मतदान के प्रति उत्साह एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।








