बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 73 में भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के चुनाव कार्यालय, पाटा गली में जनसभा आयोजित हुई। जनसभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी, भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि शामिल हुए। वक्ताओं ने वार्ड के विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए दीपक पारीक को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। जनसभा के मुख्य वक्ता हरियाणा बीज विकास निगम के पूर्व चेयरमैन देव कुमार शर्मा रहे। इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व विधायक डॉ. नामदेव उसेंडी, पारीक ट्रस्ट बीकानेर के अध्यक्ष भंवरलाल व्यास, पूर्व किसान मोर्चा पदाधिकारी मालचंद, वार्ड 72 के पूर्व पार्षद सुशील व्यास तथा मुस्लिम समाज से इम्तियाज भिश्ती सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। देव कुमार शर्मा ने कांग्रेस पर वंशवाद और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब जनता विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने दीपक पारीक के पक्ष में मतदान की अपील की।
डॉ. नामदेव उसेंडी ने भाजपा की विकास एवं जन कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है। वहीं मालचंद ने राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए नगर निगम में भी भाजपा का बोर्ड बनाने की अपील की। उन्होंने केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की सरकार बनाकर बीकानेर में ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने का आह्वान किया। सुशील व्यास ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के साथ काम कर रही है।
मुस्लिम समाज ने कहा—विकास के साथ, दीपक पारीक के साथ
जनसभा में मुस्लिम समाज की ओर से इम्तियाज भिश्ती ने दीपक पारीक के समर्थन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस बार समाज के लोग वार्ड के विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए दीपक पारीक के पक्ष में मतदान करेंगे। भिश्ती ने सभा में “ठप्पा मारो शान से, फूल के निशान पर” और “हमारा पार्षद कैसा हो, दीपक पारीक जैसा हो” जैसे नारे भी लगाए। उन्होंने वार्डवासियों से जाति और धर्म से ऊपर उठकर विकास के मुद्दे पर मतदान करने की अपील की।









