


बीकानेर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के चलते देशव्यापी स्तर पर लागू लॉक डाउन के कारण इस बार भगवान गौतम बुद्ध की जयंति कृतज्ञजनों ने घरों में रह कर ही मनाई। गुरूवार को रोशनी घर चौराहा स्थित बसपा कार्यालय में भगवान गौतम बुद्ध की जयंती पर श्रद्धालुओं ने सोशियल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विधि-विधान से पूजन कर उनका श्रद्धामयी स्मरण किया। साथ ही उनकी शिक्षाओं को जीवन में उतारने का संकल्प लिया। इस मौके पर बसपा युवा नेता मनोज श्रीदेव ने उनकी जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महामानवतावादी तथागत गौतम बुद्ध ने सत्य, अहिंसा, भाईचारा व मानवता की आदर्श ज्योति को पूरी दुनिया में फैलाकर भारत को विश्व में जगतगुरू का सम्मान दिलाया था। बुद्ध ने दुनिया को शांति का संदेश दिया था। सुरेन्द्र गोयल ने कहा कि अशिक्षित, उपेक्षित व शोषित वर्ग को उनका उपदेश था ‘अप्प दीपो भवÓ अर्थात शिक्षित बनो, खुद ऊपर उठो व अपना प्रकाश स्वयं बनो जिसका वर्तमान में भी बहुत महत्त्व है जिसपर अमल करके महान लक्ष्यों की प्राप्ति की जा सकती है। राहुल श्रीदेव ने कहा कि भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण ये तीनों एक ही दिन अर्थात वैशाख पूर्णिमा के दिन ही हुए थे। इसी दिन भगवान बुद्ध को बुद्धत्व की प्राप्ति हुई थी। आज बौद्ध धर्म को मानने वाले विश्व में करोड़ों लोग इस दिन को हर्षोल्लास से मनाते हैं। भगवान बुद्ध के आर्दशों का अनुसरण कर ही हम अपने जीवन को सार्थक बना सकते हैं। इस मौके पर श्याम सुंदर पन्नू, धानवी श्रीदेव ने भी भगवान बुद्ध को याद किया।