बीकानेर। शांत शहर के रूप में पहचान रखने वाले बीकानेर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की एक और वारदात ने शहरवासियों में दहशत का माहौल बना दिया। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के सुभाषपुरा सर्किल का है, जहां शुक्रवार शाम एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। जानकारी के अनुसार असलम पठान अपनी स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद एक युवक ने असलम पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में असलम के पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के जवान जितेन्द्र ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे एक आरोपी को पकड़ लिया और सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। घायल असलम को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








