नई दिल्ली। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) ने अंडर-18 ताइक्वांडो बालक एवं बालिका टीम के लिए केंद्रीय चयन ट्रायल आयोजित करने की घोषणा की है। इन ट्रायल के माध्यम से उन खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में आयोजित होने वाले ISF जिम्नेजियाड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। SGFI की ओर से जारी पत्र के अनुसार चयन ट्रायल 14 और 15 सितंबर 2026 को रायपुर, छत्तीसगढ़ में आयोजित किए जाएंगे। खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग एवं रजिस्ट्रेशन 13 सितंबर 2026 को दोपहर 3 बजे तक महेश्वरी सभा भवन, कमल विहार, दुंदा, छत्तीसगढ़ में होगा।

2009, 2010 और 2011 जन्म वर्ष के खिलाड़ी पात्र
चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए वर्ष 2009, 2010 और 2011 में जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे। SGFI ने स्पष्ट किया है कि केवल शॉर्टलिस्ट किए गए और संलग्न सूची में शामिल खिलाड़ी ही चयन ट्रायल में भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों के लिए मूल जन्म प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट, पांच रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं। पासपोर्ट की वैधता 10 दिसंबर 2026 से कम से कम छह माह आगे तक होनी चाहिए। सभी खिलाड़ियों को NSRS पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण भी कराना होगा।
2 सितंबर से पहले देनी होगी भागीदारी की पुष्टि
सभी संबंधित इकाइयों को खिलाड़ियों की चयन ट्रायल में भागीदारी की पुष्टि 2 सितंबर 2026 से पहले SGFI मुख्यालय को करनी होगी। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित यूनिट का नामांकन निरस्त किया जा सकता है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से पहले डोप टेस्ट अनिवार्य है। ऐसे में चयन ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का रैंडम डोप टेस्ट भी किया जाएगा।
चयनित सूची के अनुसार खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था SGFI की ओर से की जाएगी, जबकि रायपुर तक आने-जाने का खर्च संबंधित संबद्ध इकाइयों को स्वयं वहन करना होगा। चयन ट्रायल समाप्त होने के तुरंत बाद 15 सितंबर को खिलाड़ियों की रवानगी होगी।
संपर्क के लिए:
पारिछय मिश्रा – 9827192028
उमेश सिंह ठाकुर – 9039470010







