बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर बीकानेर कांग्रेस में टिकट वितरण के बाद घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के कई पूर्व पार्षदों ने टिकट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताते हुए बीकानेर से पूर्व प्रत्याशी रहे यशपाल गहलोत को खरी-खोटी सुनाई है। वहीं शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन मेघवाल पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। नाराज पूर्व पार्षदों का आरोप है कि पार्टी के कुछ नेता कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से मिलकर भाजपा का बोर्ड बनाने में मदद कर रहे हैं। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस के करीब 11 पूर्व पार्षदों के टिकट काटे गए हैं, जबकि कुछ अन्य पूर्व पार्षदों के टिकट भी कटने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि टिकट कटने की संभावना वाले कई नेता पिछले निकाय चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चुके हैं। इनमें मुजाहिद हुसैन, कुरैशी, प्रफुल्ल हटीला, मनोज जनागल, शिवशंकर, ताहिर हसन कादरी, सुनील गदर, रमजान कच्छावा, मुजीबुर रहमान, शहजाद भुट्टो, शांतिलाल मोदी और वसीम अब्बासी सहित अन्य पार्षद शामिल बताए जा रहे हैं। नाराज पार्षदों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सभी नाराज पूर्व पार्षदों ने एक बैठक की है। सूत्रों के अनुसार, कल होने वाली बैठक में बड़ा फैसला लिया जा सकता है, जिसके बाद बीकानेर कांग्रेस की राजनीति में नया मोड़ देखने को मिल सकता है।













