बीकानेर। जिले के जामसर थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी के साथ लाखों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एसके फाइनेंस लिमिटेड की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, कंपनी की ओर से दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत झूठा भरोसा दिलाकर महिंद्रा स्कॉर्पियो (आरजे-06-यूबी-1391) पर 7 लाख 20 हजार रुपये का वाहन ऋण स्वीकृत कराया। आरोप है कि ऋण प्राप्त करने के बाद वाहन का दुरुपयोग किया गया और उसे खुर्द-बुर्द कर कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया। इस मामले में पुलिस ने गफूर खान पुत्र मोहम्मद अली, उसकी पत्नी रुकसाना और अनू खान के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जांच के दौरान वाहन से जुड़े दस्तावेज, फाइनेंस रिकॉर्ड और बैंक संबंधी रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है। जामसर थाना पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह कर रहे हैं।









