बीकानेर। राजस्थान में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि कई अन्य जिलों में ऑरेंज और बीकानेर सहित कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।।शुक्रवार सुबह से अलवर, राजसमंद समेत कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर, जैसलमेर, पाली और भीलवाड़ा सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भीलवाड़ा में आकाशीय बिजली गिरने से नाना-दोहिती की मौत हो गई, जबकि उदयपुर के लसाड़िया क्षेत्र में 24 घंटे में 11 इंच से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनके प्रभाव से 27 जुलाई तक पूरे राजस्थान में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारी बारिश के चलते कई जिलों में खेत जलमग्न हो गए हैं, नदियां उफान पर हैं और कई ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए हैं।
मौसम विभाग ने बीकानेर के लोगों से भी सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।









