बीकानेर। नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड 75 में राजनीतिक समीकरण तेजी से चर्चा में आ गए हैं। हिन्दू धर्मयात्रा के पूर्व संयोजक गणेश बोथरा द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। गणेश बोथरा लंबे समय तक हिन्दू धर्मयात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से जुड़े रहे हैं। ऐसे में उनके कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में सामने आने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या धार्मिक-सामाजिक आयोजनों से जुड़ी पहचान और सक्रिय राजनीति के बीच दूरी बनाए रखना जरूरी नहीं है?
टिकट के बाद बदले समीकरण?
राजनीतिक चर्चाओं में गणेश बोथरा को पूर्व नगर विकास न्यास अध्यक्ष महावीर रांका के करीबी के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, वार्ड 75 से भाजपा का टिकट नहीं मिलने के बाद बदले समीकरणों को भी इस पूरे घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, इस राजनीतिक रुख के पीछे वास्तविक वजह क्या है, यह संबंधित पक्ष ही स्पष्ट कर सकता है। लेकिन चुनावी माहौल में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन की अपील ने वार्ड 75 की सियासत को जरूर गरमा दिया है।








