बीकानेर। जिले के पांचू थाना क्षेत्र के चिताणा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 46 वर्षीय व्यक्ति की पानी के कुंड में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार मृतक के पुत्र कैलाशराम मेघवाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता खेताराम पुत्र मलूराम जाट (46) रविवार सुबह करीब 4:30 बजे घर से बाहर शौचालय/पेशाब के लिए निकले थे। इसी दौरान घर के सामने बने पानी के कुंड के पास उनका पैर फिसल गया और वे सीधे कुंड में जा गिरे। कुंड में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पांचू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के पुत्र कैलाशराम की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पांचू थाना प्रभारी द्वारा की जा रही है।








