बीकानेर। नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड नंबर 73 में चुनावी अभियान तेज कर दिया है। वार्ड से भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन सोनगिरी कुआं स्थित दुर्गा आभूषण के सामने किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी नगर निकाय चुनाव में दीपक पारीक को विजयी बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा वार्ड के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देगी। कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक ने वार्डवासियों का आभार जताते हुए कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग के साथ वे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर चुनाव अभियान को सफल बनाने की अपील की। उद्घाटन के दौरान भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।









