बीकानेर/नोखा। नागौर की ओर से आ रहे एक ट्रेलर में गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। हादसा नोखा में लीलेंड मोटर्स शोरूम के पास हुआ। ट्रेलर में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और समय रहते नीचे उतरकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार ट्रेलर खींवसर से क्ले मिट्टी भरकर होशियारपुर जा रहा था। लीलेंड मोटर्स शोरूम के पास पहुंचते ही ट्रेलर में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग का पता चलते ही चालक ने ट्रेलर को सड़क किनारे रोक दिया और तत्काल नीचे उतर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर बजरंग जोशी ने नोखा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायरमैन बजरंग चिताणा, संविदाकर्मी महावीर सिंह और नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से ट्रेलर का एक हिस्सा जल गया। ट्रक मालिक जगतवार सिंह, निवासी बरनाला, पंजाब ने बताया कि ट्रेलर में खींवसर से क्ले मिट्टी भरकर होशियारपुर ले जाई जा रही थी। आग लगने के बाद आसपास मौजूद अन्य ट्रक चालकों ने भी मदद की और चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया।
सड़क पर लगी वाहनों की कतार
ट्रेलर में आग लगने की सूचना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और दमकल टीम द्वारा आग पर काबू पाने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया गया।








