बीकानेर। रामदेवरा मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बीकानेर रेल मंडल की ओर से विशेष रेल सेवा का संचालन किया जा रहा है। श्रीगंगानगर–पोकरण और पोकरण–श्रीगंगानगर के बीच चलने वाली यह मेला स्पेशल ट्रेन 12 से 26 सितंबर 2026 तक संचालित होगी।
ट्रेन संख्या 04741 श्रीगंगानगर–पोकरण मेला स्पेशल इस अवधि में कुल 15 फेरे लगाएगी। ट्रेन श्रीगंगानगर से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से होते हुए दोपहर 3:50 बजे लालगढ़ पहुंचेगी और शाम 4:20 बजे लालगढ़ से रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन कोलायत, फलोदी होते हुए शाम 7:15 बजे रामदेवरा पहुंचेगी तथा 7:20 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 7:50 बजे पोकरण पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04742 पोकरण–श्रीगंगानगर मेला स्पेशल पोकरण से रात 8:45 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन 9:15 बजे रामदेवरा, रात 10 बजे फलोदी, रात 11:24 बजे कोलायत और 12:50 बजे लालगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सुबह 7:50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
मेला स्पेशल के संचालन से रामदेवरा मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बीकानेर रेल मंडल ने यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए मेले के दौरान विशेष रेल सेवा उपलब्ध कराई है।








