बीकानेर। गजनेर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। कच्चे रास्ते पर अचानक आए गड्ढे के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 23 वर्षीय युवक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी बृजलाल (23) के रूप में हुई है। हादसा 20 अक्टूबर को नाइयों की बस्ती के पास हुआ था। मृतक के भाई कमलेश पुत्र समरत यादव ने इस संबंध में पुलिस को रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट में बताया गया कि बृजलाल ट्रैक्टर चालक अमीर खान के साथ नाइयों की बस्ती से सालासर की तरफ कच्चे रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में गड्ढा आने से ट्रैक्टर अचानक पलट गया। हादसे में चालक उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बृजलाल ट्रैक्टर के नीचे दब गया। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।








