बीकानेर। नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए बीकानेर रेंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत 26 अक्टूबर को बीकानेर रेंज के चार जिलों बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान 148 पुलिस टीमों का गठन कर 790 स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत 64 मामले दर्ज करते हुए 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा फरार और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए भी कार्रवाई की गई।
चार जिलों में पुलिस की कार्रवाई
बीकानेर: 125 स्थानों पर दबिश देकर 20 मामले दर्ज किए गए। 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 8 फरार वांछितों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
श्रीगंगानगर: 271 स्थानों पर दबिश के दौरान 17 मामले दर्ज हुए और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 11 फरार वांछितों के संबंध में कार्रवाई की गई।
हनुमानगढ़: 233 स्थानों पर दबिश देकर 20 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 15 फरार वांछितों और 2 इनामी अपराधियों के संबंध में कार्रवाई की गई।
चूरू: 161 स्थानों पर दबिश के दौरान 7 मामले दर्ज किए गए और 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 3 फरार वांछितों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई जारी रहेगी
बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के नेटवर्क को तोड़ना और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाना है।








